Headlines

Uttarakhand: चिन्यालीसौड़ में ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम में सीएम धामी का बड़ा ऐलान, चिन्यालीसौड़-गौचर हवाई पट्टी से शुरू होगी हेली सेवा

Uttarakhand: चिन्यालीसौड़ में ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम में सीएम धामी का बड़ा ऐलान, चिन्यालीसौड़-गौचर हवाई पट्टी से शुरू होगी हेली सेवा
शेयर करे-

Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकास खंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर विभागीय स्टालों का निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों की मौजूदगी में अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित यह अभियान प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पाँच लाख से अधिक नागरिकों ने प्रतिभाग किया है। इन शिविरों के माध्यम से 40 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए गांव-गांव में शिविर आयोजित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं के विस्तार को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से शीघ्र ही हेली सेवा प्रारंभ की जाएगी। दोनों हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से किए जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह से चारधाम यात्रा प्रारंभ होनी है, जिसके लिए सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सरकार यात्रा में समन्वयक की भूमिका निभा रही है, जबकि स्थानीय हितधारक—तीर्थ पुरोहित, होटल व्यवसायी, टैक्सी संचालक और स्थानीय नागरिक—यात्रा को सफल बनाने में प्रमुख भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विश्व स्तर पर सनातन संस्कृति का उद्घोष हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। अब तक दो लाख से अधिक ‘लखपति दीदियों’ को सशक्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की मांग देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की मांग पर सीएचसी चिन्यालीसौड़ एवं महाविद्यालय के उच्चीकरण को सीएम घोषणा में शामिल करने का आश्वासन भी दिया।

मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। अब तक पांच लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया है तथा 40 हजार से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण संभव नहीं हो पाता, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप के माध्यम से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, ब्लाक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *