Headlines

Uttarakhand: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने केदारनाथ धाम में चारधाम यात्रा तैयारियों का लिया जायजा, व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

Uttarakhand: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने केदारनाथ धाम में चारधाम यात्रा तैयारियों का लिया जायजा, व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश
शेयर करे-

Uttarakhand: मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने शनिवार को श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बने नए बैली ब्रिज का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार ने जानकारी दी कि पुल का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे यात्रियों को आवाजाही में सुगमता होगी। इसके अलावा, मुख्य सचिव ने आस्था पथ पर बने रेन शेल्टरों का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि शौचालय, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए एलईडी साइनेज लगाए जाएं।

ठंडे मौसम को देखते हुए मुख्य सचिव ने कतार में खड़े यात्रियों को गर्म पानी उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने मंदिर परिसर से सरस्वती नदी तक फैले आस्था पथ की स्वच्छता व्यवस्था और शौचालयों की स्थिति का भी निरीक्षण किया।

गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) को निर्देश देते हुए श्री बर्द्धन ने कहा कि यात्रा मार्ग पर बने सभी कॉटेजों की मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य समय पर पूर्ण किया जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रुद्र प्वाइंट और घोड़ा पड़ाव का भी दौरा कर यात्रियों के भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा, विश्राम और सफाई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि यात्रा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और अधिकतर व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। शेष कार्यों को भी यात्रा प्रारंभ होने से पहले समाप्त कर लिया जाएगा।

वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन टीमें भी यात्रा मार्ग पर तैनात रहेंगी ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Uttarakhand

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *