Headlines

Almora: अल्मोड़ा से राहुल गांधी का चुनावी शंखनाद, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले आज विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित

Almora: अल्मोड़ा से राहुल गांधी का चुनावी शंखनाद, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले आज विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित
शेयर करे-

Almora: उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को अल्मोड़ा पहुंचकर सिमकनी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस इस रैली को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने अभियान के औपचारिक आगाज के रूप में देख रही है और इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

रैली स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कांग्रेस संगठन ने जनसभा में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

रैली की तैयारियों की निगरानी के लिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अल्मोड़ा में मौजूद हैं। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष लेशपाल आर्या तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लगातार संगठनात्मक बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी

चुनावी अभियान का शंखनाद होगी। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि राहुल गांधी की रैली संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का मंच प्रदान करेगी।

उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी की जनसभा को लेकर प्रदेशभर में लोगों में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग अल्मोड़ा पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रैली कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी और 2027 विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान को नई दिशा देगी।

कांग्रेस को उम्मीद है कि राहुल गांधी की यह जनसभा उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देने के साथ आगामी चुनावी समीकरणों पर भी असर डाल सकती है। वहीं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *