Uttarakhand: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन की रफ्तार प्रभावित हो गई है। प्रदेश के कई हिस्सों में सड़कें बंद होने से लोगों की आवाजाही मुश्किल बनी हुई है। बुधवार को भी राज्य में 150 से अधिक सड़कें बंद रहीं। मौसम विभाग ने आज नौ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को प्रदेश में 172 सड़कें बंद थीं, जिनमें बुधवार तक मामूली सुधार हुआ और 152 मार्ग बंद रहे। इनमें अल्मोड़ा के आठ, बागेश्वर के 15, चमोली के 21, देहरादून के 11, नैनीताल के 47, पौड़ी के आठ, पिथौरागढ़ के 15, रुद्रप्रयाग के 10, टिहरी के 11 और उत्तरकाशी के छह मार्ग शामिल हैं। सड़कों के बंद होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीते 24 घंटे में नैनीताल, भीमताल और हल्द्वानी में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। नैनीताल में 217 एमएम, भीमताल में 161 एमएम और हल्द्वानी में 122.2 एमएम बारिश हुई। मुक्तेश्वर में 107.7 एमएम, बेतालघाट में 80.5 एमएम, चंपावत में 74 एमएम, लोहाघाट में 41.5 एमएम, रुद्रप्रयाग में 41.2 एमएम और रानीखेत में 41.1 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
लगातार बारिश के चलते रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों तथा हरिद्वार में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
नौ जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
