Bhimtal: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के चाफी, अलचौना, पांडेयछोड़, भीमताल, कुवाताल समेत विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क मार्गों समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मंत्री कैड़ा ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार आपदा की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है और राहत एवं पुनर्वास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री भी वितरित की तथा राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने भीमताल नाले में बहने से मृत बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आपदा मद से परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
मंत्री कैड़ा ने जिलाधिकारी को आपदा से हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा से कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई भवनों पर खतरा बना हुआ है। ऐसे परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने तथा आपदा मद से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही आपदा प्रबंधन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
