Uttarakhand: मुख्यमंत्री के विजन और “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत नशे के खिलाफ कुमाऊँ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कुमाऊँ रेंज एसओटीएफ और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 283 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अकबर पुत्र बन्ने अली निवासी रहमानपुर, थाना बिसारगंज, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। आरोपी की उम्र 40 वर्ष बताई गई है।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 283 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में कुमाऊँ रेंज एसओटीएफ प्रभारी और उनकी टीम के साथ कोतवाली किच्छा के उपनिरीक्षक पवन जोशी तथा चौकी दरऊ के कांस्टेबल उमेद गिरी शामिल रहे।
कुमाऊँ पुलिस का कहना है कि “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर सुरक्षित और नशामुक्त उत्तराखण्ड के निर्माण में योगदान देना है।

Chief Editor, Aaj Khabar
