Uttarakhand: आगामी चारधाम यात्रा-2025 के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में आज आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र, श्री राजीव स्वरूप और आईजी यातायात, श्री नारायण सिंह नपलच्याल ने यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। आईजी गढ़वाल को चारधाम यात्रा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो यात्रा मार्गों और प्रमुख ठहराव स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और आपदा से निपटने की तैयारियों की निगरानी करेंगे। गढ़वाल रेंज कार्यालय में “चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम” स्थापित किया जा रहा है, जिसकी कमान एसपी ट्रैफिक देहरादून, श्री लोकजीत सिंह के हाथों में होगी।
यह कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा और इसमें 01 पुलिस उपाधीक्षक, 02 निरीक्षक, 04 उपनिरीक्षक और कई पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यहां से रजिस्ट्रेशन, ट्रैफिक प्रवाह, पार्किंग व्यवस्था, ड्यूटी प्रबंधन, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों के समन्वय का कार्य किया जाएगा। अगले पांच दिनों में यह कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा और वरिष्ठ अधिकारियों को यात्रा की दैनिक रिपोर्ट प्रदान करेगा।
इसके अलावा, पुलिस मुख्यालय स्तर पर “चारधाम सेल” गठित किया जाएगा, जिसका नेतृत्व डीआईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था, श्री धीरेन्द्र गुंज्याल करेंगे। इस वर्ष चारधाम यात्रा मार्ग को 15 सुपर जोन, 41 जोन और 137 सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर की लंबाई 10 किमी होगी और प्रत्येक सेक्टर में दो कांस्टेबल 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे।
यात्रा मार्गों पर 09 अपर पुलिस अधीक्षक रूट प्रभारी होंगे, जबकि प्रत्येक धाम में 01-01 पुलिस उपाधीक्षक को प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। सम्पूर्ण यात्रा संचालन के लिए 24 पुलिस उपाधीक्षक, 66 निरीक्षक, 366 उपनिरीक्षक, 615 हेड कांस्टेबल, 1222 कांस्टेबल, 208 महिला कांस्टेबल, 926 होमगार्ड, 1049 पीआरडी जवान, 09 पीएसी कंपनियां और 26 एसडीआरएफ सब-टीमों की तैनाती प्रस्तावित है।
उत्तराखंड पुलिस की यह तैयारियां श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
