देहरादून। नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड परिवहन निगम (यूटीसी) के बेड़े में शामिल की गई 100 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया गया। इसके साथ ही 10 एसी और 2 स्लीपर अनुबंधित बसों का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” तथा सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से सेवा देने वाले परिवहन निगम के कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक सशक्त बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा उपलब्ध होगी, वहीं राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि दुर्गम और पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में मजबूत परिवहन व्यवस्था नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ आर्थिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार परिवहन निगम को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें चार आईएसबीटी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल की जाएंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों दोनों की सुरक्षा और सुविधा बढ़ेगी। सरकार ने निगम कर्मियों के हित में डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के क्रियान्वयन और नई भर्तियों जैसे महत्वपूर्ण कदम भी उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परिवहन निगम को “सेवा का माध्यम” मानते हुए इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शी नीतियों और जवाबदेही के साथ उत्तराखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा ‘काऊ’, सविता कपूर, परिवहन निगम की एमडी एवं अपर सचिव रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
