यमुना नदी अवैध खनन रेस्क्यू की बड़ी घटना देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में सामने आई, जहां अवैध खनन के दौरान तीन लोग ट्रैक्टर–ट्रॉली सहित अचानक बढ़े जलस्तर में फंस गए। SDRF टीम ने तेजी दिखाते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला…
विकासनगर: देहरादून जिले के विकासनगर स्थित कटापत्थर के पास यमुना नदी में अवैध खनन करने गए तीन लोग अचानक बढ़े जलस्तर के कारण ट्रैक्टर–ट्रॉली सहित बीच धारा में फंस गए। बताया गया कि जुड्डो डैम से समय-समय पर पानी छोड़ा जाता है और साइरन भी बजता है, लेकिन तीनों को इसकी जानकारी नहीं थी। पानी छोड़ने के बाद नदी का स्तर तेज़ी से बढ़ा और ट्रैक्टर ट्रॉली बीच में अटक गई।
सेंट्रल कंट्रोल रूम (CCR) देहरादून से मिली सूचना पर एसडीआरएफ डाकपत्थर की टीम तुरंत रवाना हुई। अपर उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची और देखा कि तेज बहाव के बीच ट्रैक्टर में तीन लोग फंसे हुए हैं। टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ ने बताया कि रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों के नाम केदार (35) निवासी कोथी भोन्दी, मनीष (23) निवासी बौसान और अनिल (18) निवासी बौसान हैं।


Chief Editor, Aaj Khabar
