Uttarkashi: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के राजस्व ग्राम ओडाटा के मोरा तोक स्थित गुजर बस्ती में शुक्रवार देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया। यहां एक कच्चे मकान की दीवार अचानक गिरने से परिवार के चार सदस्यों की मलबे में दबकर मृत्यु हो गई।
यह घटना रात लगभग दो बजे की है, जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। मृतकों की पहचान गुलाम हुसैन (26) पुत्र अली अहमद, उनकी पत्नी रुकमा खातून (23), तीन वर्षीय पुत्र आबिद और दस माह की पुत्री सलमा के रूप में की गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी जब्बर सिंह असवाल, राजस्व उप निरीक्षक, एसडीआरएफ तथा पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मलबे से चारों के शव निकाले गए, लेकिन किसी को भी जीवित नहीं बचाया जा सका।
तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था। प्रारंभिक जांच में हादसे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है, लेकिन हाल में क्षेत्र में हुई भारी बारिश और मकान की जर्जर स्थिति को इसके संभावित कारणों के रूप में देखा जा रहा है।
प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

