Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Bhimtal: आजादी के 75 साल बाद नदगल गांव पहुंचेगी सड़क, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मोटर मार्ग निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

Bhimtal: आजादी के 75 साल बाद नदगल गांव पहुंचेगी सड़क, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मोटर मार्ग निर्माण कार्य का किया शुभारंभ
शेयर करे-

Bhimtal: धारी ब्लॉक के महतोलियागांव-नदगल क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। आजादी के बाद से सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीणों को अब जल्द ही मोटर मार्ग की सौगात मिलने वाली है। विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

मोटर मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गांव से मुख्य सड़क तक सामान पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को अतिरिक्त किराया देना पड़ता था। वहीं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों को घोड़े अथवा कंधे के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता था। किसानों को अपनी कृषि उपज मंडी तक पहुंचाने में भी परिवहन पर बड़ी धनराशि खर्च करनी पड़ती थी।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष मोटर मार्ग निर्माण की मांग रखी।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने पहले मोटर मार्ग निर्माण के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग से आवश्यक स्वीकृति दिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया, जिसके बाद शासन से धनराशि स्वीकृत कराई गई।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मोटर मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

मोटर मार्ग निर्माण का शुभारंभ होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया तथा सड़क की सौगात मिलने पर उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख जीवन बर्गली, ललित मोहन शर्मा, प्रकाश चंद्र नानू, निर्मल बर्गली, अनिल कुमार, विवेक डंगवाल सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

आजादी के 75 साल बाद धारी के महतोलियागांव-नदगल क्षेत्र में सड़क निर्माण शुरू, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मोटर मार्ग कार्य का शुभारंभ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *