Chamoli: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावितों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कुंतारी लगा फाली और कुंतारी लगा सरपाणी का स्थलीय निरीक्षण किया, साथ ही धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान एवं राहत कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों से भेंट कर कहा कि सरकार हर संभव मदद सुनिश्चित कर रही है और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित हैं।
जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने बताया कि अब तक 12 घायल व्यक्तियों को हेलीकॉप्टर से उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 45 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त और 15 गौशालाएं नष्ट हुई हैं, वहीं 08 पशु मृत एवं 40 पशु लापता हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं और प्रभावितों को खाद्य सामग्री, आश्रय, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, एसडीएम चमोली आर.के. पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

