Champawat: बनबसा थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर टनकपुर क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी के मामले का भंडाफोड़ किया है। टीम ने 100.03 ग्राम अवैध एमडीएमए के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान विशाल नरेन्द्र भण्डारी (24 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी महाराष्ट्र के पालघर स्थित नालासोपारा का निवासी है और मूल रूप से नेपाल के कंचनपुर का रहने वाला है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विशाल लंबे समय से एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़ा हुआ था। पिथौरागढ़ में एक पोल्ट्री फार्म की आड़ में अवैध ड्रग फैक्ट्री संचालित करने में उसने सक्रिय भूमिका निभाई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हाल ही में मुंबई में हुई पुलिस रेड के बाद उसके साथियों—कुनाल कोहली, राहुल और रोशन—ने उसे उक्त एमडीएमए सौंपा था। इसके अलावा वह ऑनलाइन रॉ मटेरियल मंगाकर ड्रग निर्माण की प्रक्रिया में भी शामिल था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल ड्रग सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में बनबसा थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह कोरंगा, एसओजी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवाण, गणेश सिंह, संजय शर्मा, जगदीश कन्याल, गिरीश भट्ट और चालक अनिल कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या तीव्र रासायनिक गंध की सूचना तत्काल 100, 112 या नजदीकी थाने में दें, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

