Haldwani: बरेली रोड स्थित स्पेरो कॉलोनी में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। ऑनलाइन लूडो गेम की लत ने एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा हर्षिता जोशी की जान ले ली। शुक्रवार दोपहर 21 वर्षीय हर्षिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें हर्षिता ने अपनी आत्महत्या की वजह ऑनलाइन लूडो गेम में चार से पांच लाख रुपये की हार बताया है। नोट में उसने लिखा कि शुरुआत में गेम से उसे मुनाफा हुआ, जिससे वह उत्साहित हुई, लेकिन धीरे-धीरे वह इस लत की गिरफ्त में आ गई और माता-पिता के लाखों रुपये दांव पर लगाकर हार गई। आत्मग्लानि से भरकर उसने लिखा— “अब और नहीं जी सकती, पापा मुझे माफ कर देना।”
घटना के समय हर्षिता की मां और भाई बाजार गए हुए थे। जब वे लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने पर हर्षिता फंदे से लटकी मिली। परिवारजन उसे आनन-फानन में एसटीएच (सुशीला तिवारी अस्पताल) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हर्षिता के पिता प्रेमानंद जोशी अल्मोड़ा जेल में पुलिस विभाग में तैनात हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा है, वहीं मोहल्ले में भी शोक की लहर है। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि सुसाइड नोट में छात्रा ने स्पष्ट रूप से ऑनलाइन लूडो गेम में भारी नुकसान की बात लिखी है। शुक्रवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

