Haldwani: नगर निगम हल्द्वानी क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए इस वर्ष भी जन सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक शिविर में पांच-पांच वार्डों की समस्याएं एक ही स्थान पर सुनी जाएंगी, जिससे समाधान प्रक्रिया को त्वरित और प्रभावी बनाया जा सके।
शुक्रवार को जिलाधिकारी वंदना ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में नगर निगम के वार्ड 1 से 20 तक के पार्षदों के साथ बैठक कर वार्डों की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान पार्षदों ने पेयजल, जल भराव, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत, नशे में घूमने वाले तत्वों पर नियंत्रण, स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त, और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण जैसे मुद्दों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
जिलाधिकारी ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का समाधान एक निर्धारित समय सीमा में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर में एडीबी परियोजना के अंतर्गत सीवरेज, पेयजल लाइन, सड़क चौड़ीकरण और ड्रेनेज जैसी योजनाओं पर कार्य चल रहा है। जहां कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां सड़कें ठीक की जा रही हैं, और मानसून के बाद हॉट मिक्सिंग से मरम्मत कार्य भी कराया जाएगा।
साथ ही उन्होंने नगर आयुक्त को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए और संबंधित विभागों की टीमों को वार्डवार भ्रमण कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। समस्याओं के निस्तारण के बाद पार्षदों से प्रमाण पत्र भी लिया जाएगा कि संबंधित शिकायत का समाधान हो चुका है।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं उपजिलाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर टीम गठन और वार्डवार रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, उप जिलाधिकारी राहुल शाह, नगर निगम अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

