देहरादून। शिक्षा सत्र को नियमित करने के लिए विभागीय अधिकारी अभी से तैयारियों में जुट जाएं। सरकार का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं को समय पर आयोजित कराकर परीक्षाफल समय पर घोषित कराना है। यह बात शिक्षा मंत्री डा. ध्यान सिंह रावत ने विधानसभा कक्षा में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक के दौरान कही। शिक्षा विभाग को फरवरी मार्च में परीक्षाएं कराने के साथ ही 30 अप्रैल तक परीक्षा परिणाम घोषित करने का लक्ष्य दिया गया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा, बोर्ड परीक्षाओं के तहत अंक सुधार परीक्षा का परिणाम भी एक माह के भीतर घोषित कर दिया जाएगा। सत्र नियमित होने से जहां छात्र-छात्राएं नई कक्षा में समय पर प्रवेश ले सकेंगे, वहीं उच्च शिक्षा के सत्र को समय पर शुरू करने में मदद मिलेगी। शिक्षा मंत्री ने डॉ. रावत ने अफसरों को विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों की रिपोर्ट मंत्रालय में पेश करने को कहा है। रिपोर्ट के आधार पर ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, अपर सचिव शिक्षा योगेन्द्र यादव, रंजना राजगुरू, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बंशीधर तिवारी, अपर सचिव एमएम सेमवाल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा सीमा जौनसारी, निदेशक अकादमी शोध एवं प्रशिक्षण वंदना गर्ब्याल, निदेशक प्राथमिक शिक्षा रामकृष्ण उनियाल, संयुक्त सचिव जेएल. शर्मा, बीएस. बोरा, उप सचिव अनिल कुमार पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
