मुंबई। मराठा आरक्षण की मांग को लेकर महाराष्ट्र में बवाल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को बीड में दो विधायकों के घर फूंक दिए हैं। वहीं शरद पवार गुट के एनसीपी के दफ्तर को भी आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बीड के माजलगांव में विधायक प्रकाश सोलंके के घर और दफ्तर पर पथवराव किया। सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने दर्जनों बाइक और कारों में भी आग लगा दी। देर शाम बीड में ही एक और एनसीपी विधायक संदीप क्षीरसागर का घर भी जला दिया। प्रशासन ने जिले में धारा 144 लागू कर दी है। मराठा आरक्षण आंदोलन इस साल अगस्त से ही चल रहा है। आरक्षण की मांग को लेकर 11 दिनों में 13 लोग सुसाइड कर चुके हैं। बसों के नुकसान को देखते हुए 30 डिपो से संचालन बंद कर दिया गया है। वहीं, मराठा आरक्षण आंदोलन के बीच शिवसेना के दो सांसदों ने इस्तीफा दे दिया है। रविवार 29 अक्टूबर को हिंगोली से सांसद हेमंत पाटिल ने इस्तीफा दे दिया था। उनका रिजाइन सोशल मीडिया पर वायरल था। अब उन्होंने लोकसभा सचिवालय को भी इस्तीफा भेज दिया है। नासिक के सांसद हेमंत गोडसे ने भी इस्तीफा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को भेज दिया है। माजलगांव में प्रदर्शकारियों ने नगर परिषद कार्यालय में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। इसमें काफी नुकसान की बात कही जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने जालना के बदनापुर तहसीलदार दफ्तर को जबरन ताला लगाया और महिला तहसीलदार को बाहर निकाला। यही नहीं, लैंड रिकॉर्ड्स, नगर पंचायत, पंचायत समिति कार्यालय में भी तालाबंदी कर दी।

Chief Editor, Aaj Khabar

