Headlines

Dehradun: कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा का भाजपा पर हमला, कहा— दो एफआईआर दर्ज कर हिमांशु चमोली को बचाने की हो रही साज़िश

Dehradun: कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा का भाजपा पर हमला, कहा— दो एफआईआर दर्ज कर हिमांशु चमोली को बचाने की हो रही साज़िश
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जितेंद्र नेगी आत्महत्या मामले में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली को बचाने के लिए षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने एक ही घटना की दो-दो एफआईआर दर्ज कर मामले को कमजोर करने का प्रयास किया है।

माहरा ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि मृतक जितेंद्र नेगी ने आत्महत्या से पहले वीडियो में स्पष्ट तौर पर अपनी मौत के लिए हिमांशु चमोली को जिम्मेदार बताया था। इसी आधार पर जितेंद्र के पिता ने 21 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। लेकिन कुछ ही समय बाद पुलिस ने उसी मामले में अवैध हथियार की धाराओं में दूसरी एफआईआर दर्ज कर दी, जिससे साफ संकेत मिलता है कि अभियुक्त को बचाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने मांग की कि बाद में दर्ज की गई एफआईआर को तत्काल रद्द किया जाए और दोहरी प्राथमिकी दर्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जाए। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जो गृह मंत्री भी हैं, इस मामले में स्पष्ट जवाब दें।

माहरा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर हाल के कई बलात्कार और हत्या के मामलों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता उजागर हुई है, लेकिन सरकार और पुलिस उन्हें संरक्षण दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में “जंगलराज” कायम हो चुका है और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा शासन में पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय सत्ता के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा में नियम 310 के तहत कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाने की मांग कांग्रेस ने की थी, किंतु सरकार ने सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।

इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने घोषणा की कि कांग्रेस आने वाले दिनों में प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। प्रेस वार्ता में विधायक लखपत बुटोला, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रवक्ता शीशपाल सिंह, सुजाता पॉल, डॉ. प्रतिमा सिंह, महामंत्री नवीन जोशी और आईटी विभाग अध्यक्ष विकास नेगी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *