Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गढ़ीकैंट स्थित छावनी परिषद कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेते हुए ₹12.51 करोड़ की लागत से निर्मित हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंश कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन जनसेवा, राज्य एवं देहरादून के विकास को समर्पित रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. श्री हरबंश कपूर ने अपने व्यवहार और कार्यों से आम नागरिकों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। उन्होंने बताया कि यह सामुदायिक भवन एमडीडीए द्वारा ₹12 करोड़ से अधिक की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ निर्मित किया गया है, जो क्षेत्रवासियों के सामाजिक आयोजनों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने एम.डी.डी.ए. को भवन के संचालन हेतु स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एस.ओ.पी.) बनाने के निर्देश दिए ताकि यह उचित दर पर आमजन को सुलभ हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देहरादून को आधुनिक और विकसित शहर के रूप में विकसित करने के लिए ₹1400 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य कर रही है, जिनमें ट्रैफिक समाधान, एलिवेटेड रोड और सौंग बांध परियोजना जैसी योजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देश की सेना के अदम्य साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ की गई सख्त नीति और राष्ट्र प्रथम की भावना को दोहराया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। पिछले तीन वर्षों में 23,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी गई है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

कार्यक्रम में एम.डी.डी.ए. के उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी ने बताया कि यह सामुदायिक भवन डेढ़ वर्ष में पूर्ण हुआ है और इसकी नींव स्वयं मुख्यमंत्री ने रखी थी। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ निर्माण कार्य को पूर्ण किया गया है तथा अन्य स्थानों पर भी ऐसे भवनों के निर्माण की योजना पर कार्य हो रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, विधायक श्रीमती सविता कपूर, ब्रिगेडियर श्री आर.एस. थापा, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, श्रीमती नेहा जोशी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *