Headlines

Dehradun: उत्तराखंड में जल्द शुरू होगी प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना, 150 इलेक्ट्रिक बसों से सफर होगा सुगम

Dehradun
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के साथ राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन (ई-वी) चार्जिंग अवसंरचना को भी समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दूसरे राज्यों से उत्तराखंड आने वाले वाहनों पर ग्रीन सेस लागू करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही निर्माणाधीन बस अड्डों को तय समय में पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बस अड्डों, पार्किंग स्थलों, राजकीय भवनों, गेस्ट हाउसों एवं पेट्रोल पंपों के समीप ई-वी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की जाए, जिससे वाहन चालकों को सहज चार्जिंग सुविधा मिल सके।

परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती रीना जोशी ने बैठक में बताया कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत देहरादून और हरिद्वार में कुल 150 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को सुलभ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा प्रदान करना है।

उन्होंने जानकारी दी कि इस योजना से राज्य में लगभग 750 नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक उपयोग पर बल देते हुए ई-वी चार्जिंग नेटवर्क के विकास को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 28 स्थलों पर चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की जा चुकी है।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

For latest news updates click here

For English news updates click here   

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *