Dehradun: त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के प्रथम चरण को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई है। इसी उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने मंगलवार को सरदार पटेल भवन, देहरादून से प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।
बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा बंदोबस्त, फोर्स की तैनाती, बजट आवंटन और अति संवेदनशील बूथों की निगरानी पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. नीलेश आनन्द भरणे ने डीजीपी को चुनावी तैयारियों की जानकारी दी और बताया कि सभी जनपदों से फीडबैक प्राप्त किया गया है।
डीजीपी ने निर्देश दिए कि आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए और मौसम पर निगरानी रखते हुए पोलिंग पार्टियों को समय से मतदान केंद्रों तक पहुँचाया जाए। साथ ही, कांवड़ यात्रा में तैनात पुलिस बल को समय रहते पंचायत चुनाव के लिए उनके जनपदों में भेजने को कहा गया।
चुनाव बहिष्कार से जुड़ी सूचनाओं पर त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए डीजीपी ने कहा कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाया जाए। सोशल मीडिया पर निगरानी के साथ-साथ भ्रामक सूचनाओं का खंडन किया जाए और अराजक तत्वों पर विधिक कार्यवाही की जाए।
अब तक की गई निरोधात्मक कार्यवाही के तहत पुलिस ने राज्यभर में 20,400 लीटर अवैध शराब (मूल्य ₹1.32 करोड़) और 145 किलो मादक पदार्थ (मूल्य ₹13.70 करोड़) जब्त किए हैं। साथ ही, 2778 मामलों में 20,288 व्यक्तियों का चालान किया गया, जिनमें से 7,682 को पाबंद किया गया है। लगभग 86% लाइसेंसी हथियार जनपदों में जमा कराए जा चुके हैं।
डीजीपी दीपम सेठ ने कहा, “त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है। सभी मतदाताओं को सुरक्षित और निष्पक्ष वातावरण देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।”
बैठक में पुलिस मुख्यालय से विम्मी सचदेवा, डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत, अरुण मोहन जोशी, केएस नाग्न्याल, मुख्तार मोहसिन, राजीव स्वरूप, धीरेन्द्र सिंह गुन्ज्याल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक ऑनलाइन माध्यम से बैठक से जुड़े।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


