Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 4400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों को वन क्लिक के माध्यम से राशि वितरित की गई।
मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कार्यस्थलों के निकट आवश्यक सामग्री वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन तथा जीवनोपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र श्रमिकों तक ही पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में बताया गया कि पिछले एक वर्ष के दौरान बोर्ड ने 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की अनुदान राशि वितरित की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
