Uttarakhand: उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नानक सागर डैम के किनारे सिंचाई विभाग की भूमि पर बनी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शनिवार तड़के की गई।
प्रशासन के अनुसार, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर लगभग एक माह पूर्व संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर भूमि स्वामित्व से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। निर्धारित समयावधि में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मजार की संरचना को हटाया गया और जांच में उसके नीचे किसी प्रकार के अवशेष नहीं मिले। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है और अन्य संदिग्ध संरचनाओं को भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्यभर में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक लगभग 12 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है। वहीं, वर्ष 2023 से शुरू हुए इस अभियान के तहत प्रदेश में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित 593 मजारों और 42 अन्य धार्मिक संरचनाओं को हटाया जा चुका है।
जिला प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी सरकारी भूमि पर किए गए किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नानकमत्ता में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
