Dehradun: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन उत्तराखंड का प्रदेश अधिवेशन 23 मई 2025 को डिप्लोमा इंजीनियर संघ भवन, देहरादून में संपन्न हुआ। अधिवेशन के मुख्य अतिथि विभाग के निदेशक श्री प्रशांत आर्य रहे, जिन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय पुनर्गठन के दौरान किसी भी पद को समाप्त नहीं किया जाएगा और शासन द्वारा उठाई गई आपत्तियों का निराकरण कर शीघ्र संशोधित प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इस अवसर पर संगठन के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया, जिसमें श्री महेंद्र सिंह नेगी को प्रदेश महामंत्री के पद पर निर्विरोध चुना गया। नेगी पहले भी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और इस बार भी उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया। अधिवेशन में उन्होंने विभागीय पुनर्गठन में पदों को सुरक्षित रखने और गोल्डन कार्ड योजना में आ रही खामियों को दूर करने हेतु आंदोलन की रणनीति का समर्थन किया।
महेंद्र सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन कर्मचारियों की हर समस्या के समाधान के लिए संकल्पबद्ध है और प्रदेशभर में कर्मचारियों की आवाज़ को एकजुट कर सरकार तक पहुँचाने का कार्य करेगा। उन्होंने आगामी 8 जून को उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन की बैठक में भी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया, जहां गोल्डन कार्ड योजना को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, श्री सोहन सिंह रावत को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया, जबकि अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति से नियुक्तियाँ की गईं। अधिवेशन की अध्यक्षता एम.आर. खंडूरी ने की और संचालन स्वयं श्री सोहन सिंह रावत ने किया। अधिवेशन में उत्तराखंड के सभी जनपदों से कर्मचारियों ने भारी संख्या में भाग लिया और श्री महेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

