Dehradun: तहसील कालसी, जनपद देहरादून में कार्यरत पटवारी गुलशन हैदर को सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने ₹2000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह रिश्वत मूल निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में सहायता के बदले में मांगी गई थी।
शिकायतकर्ता द्वारा सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके चचेरे भाइयों ने प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, जो ऑनलाइन चेक करने पर निरस्त पाए गए। इस विषय में जब शिकायतकर्ता ने पटवारी गुलशन हैदर से फोन पर संपर्क किया, तो उन्होंने ₹2000 और फोटो आईडी के साथ 26 मई 2025 को तहसील कार्यालय बुलाया।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई चाहता था। इसके बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने पूर्व नियोजित योजना के तहत तहसील कालसी के एक निजी कक्ष में ट्रैप लगाते हुए पटवारी को रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मरुगेसन ने इस सफलता के लिए ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। यह कार्रवाई राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति सख्त नीति और प्रशासनिक पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
यदि कोई नागरिक किसी सरकारी अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत करना चाहता है, तो वह सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर संपर्क कर सकता है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
