Headlines

Dehradun: प्रेमनगर में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, शराब पिलाने के बहाने जंगल ले जाकर चाकू से काटा गला; दोनों आरोपी गिरफ्तार

Dehradun: प्रेमनगर में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, शराब पिलाने के बहाने जंगल ले जाकर चाकू से काटा गला; दोनों आरोपी गिरफ्तार
शेयर करे-

Dehradun: प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडुवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले 38 वर्षीय मजदूर मदन मुखिया के शव के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक मदन की हत्या उसकी पत्नी मीना ने अपने प्रेमी लल्लन शर्मा के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।

3 अक्टूबर को मांडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में एक युवक का शव मिलने की सूचना प्रेमनगर पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त 38 वर्षीय मदन मुखिया निवासी सहरसा, बिहार के रूप में की। मदन वर्तमान में मांडुवाला, झाझरा में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मजदूरों का सत्यापन किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मंडुवाला बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में लल्लन ने मदन की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, लल्लन मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मांडुवाला में सुनील टेलर के यहां किराये पर रहकर मजदूरी करता है। लल्लन और मीना के बीच पिछले करीब तीन साल से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों ने इस रिश्ते को परिवार और अन्य लोगों से छिपाकर रखा था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि करीब दो दिन पहले मांडुवाला स्थित तिरुपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल चेक किया था। मोबाइल में उसे अपनी पत्नी मीना और लल्लन के फोटो-वीडियो मिल गए। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी परिवार व अन्य लोगों को देने की धमकी दी थी।

पुलिस के मुताबिक, संबंध उजागर होने और बदनामी के डर से लल्लन ने मीना के साथ मिलकर मदन की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत मीना मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल में ले गई। वहां मदन के नशे में होने के बाद दोनों ने धारदार चाकू से उसके गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और हत्या में इस्तेमाल चाकू झाड़ियों में छिपा दिया।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

For latest news updates click here

News Update
Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *