Dehradun: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के तीन साल पूरे होने के अवसर पर देहरादून में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत फिट इंडिया रन से हुई, जिसके बाद मुख्यमंत्री धामी का शहर में भव्य रोड शो निकाला गया। इस दौरान समर्थकों ने फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। वहीं, परेड मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने अपनी सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने घोषणा की कि चारधाम यात्रा से पहले उत्तराखंड धर्मस्व एवं तीर्थाटन परिषद का गठन किया जाएगा और शीतकालीन यात्रा को राज्य की अर्थव्यवस्था व रोजगार के लिए गेमचेंजर बताया। अवैध कब्जों पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि जब तक अतिक्रमण पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने 2022 के चुनावों को याद करते हुए कहा कि तब राजनीतिक विश्लेषकों का मानना था कि भाजपा की सरकार नहीं लौटेगी, लेकिन जनता के आशीर्वाद से यह संभव हुआ। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में सरकार ने कई चुनौतियों का सामना किया, जिनमें रैणी, सिलक्यारा टनल, जोशीमठ भू-धंसाव और माणा भूस्खलन जैसी आपदाएं शामिल हैं। इन परिस्थितियों में केंद्र और राज्य की एजेंसियों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य किए गए।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान को भी दोहराया जिसमें उन्होंने कहा था कि यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की मातृशक्ति इसमें अहम भूमिका निभाएगी। सभी विभागों को 3-5 गेमचेंजर योजनाएं बनाने के निर्देश दिए गए हैं और वित्त विभाग को अगले 10 वर्षों की चुनौतियों के अनुरूप राजस्व प्राप्ति का रोडमैप तैयार करने को कहा गया है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

