Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री ने फिट इंडिया रन को हरी झंडी दिखाकर युवाओं को किया प्रेरित

Dehradun: मुख्यमंत्री ने फिट इंडिया रन को हरी झंडी दिखाकर युवाओं को किया प्रेरित
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के एथलेटिक्स ग्राउंड में आयोजित फिट इंडिया रन को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और फिटनेस को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर पुश-अप्स लगाए और फिट इंडिया की शपथ दिलवाई, जिससे युवाओं का उत्साहवर्धन हुआ।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड युवा कल्याण विभाग के सहयोग से संचालित ड्रोन कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को ड्रोन वितरित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के बीते तीन वर्ष सेवा, सुशासन, विकास और जनहित को समर्पित रहे हैं। युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी बचपन की यादें साझा कीं और बताया कि उन्होंने भी अधिकांश समय खेल और शारीरिक गतिविधियों में बिताया था। उन्होंने युवाओं से अपने सपनों को पूरा करने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और संकल्प रखने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों, विशेष रूप से युवाओं से, रोजाना आधा घंटा व्यायाम करने, पौष्टिक आहार ग्रहण करने और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट स्वस्थ और मजबूत भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, और फिट उत्तराखंड ही समृद्ध उत्तराखंड की नींव रखेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया फिट इंडिया अभियान अब जन आंदोलन बन चुका है, जिसे राज्य सरकार भी पूरी मजबूती से आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी की थी, जिसकी सराहना प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में की थी। इन खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर सातवां स्थान हासिल किया। राज्य सरकार ने पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि को दोगुना करने और उन्हें विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति देने का भी निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचने में सहायता मिलेगी। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना जैसी विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं, ताकि बालक-बालिकाओं को फिट और खेलों के प्रति जागरूक किया जा सके। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने और एक स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Dehradun

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *