Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने की ‘गेम चेंजर’ पर्यटन योजनाओं की समीक्षा, निवेश और स्वरोजगार पर विशेष जोर

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने की ‘गेम चेंजर’ पर्यटन योजनाओं की समीक्षा, निवेश और स्वरोजगार पर विशेष जोर
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पर्यटन विभाग की प्रमुख ‘गेम चेंजर योजनाओं’ की वर्चुअल समीक्षा करते हुए पर्यटन नीति-2023 के तहत राज्य में हो रहे निजी निवेश, ग्रामीण पर्यटन, स्वरोजगार और आधारभूत सुविधाओं को लेकर विभिन्न निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण, स्थानीय रोजगार सृजन और पलायन रोकने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नीति लागू होने के बाद हुए कुल निजी निवेश, एमओयू की स्थिति, उनकी ग्राउंडिंग और योजनाओं में हुए निवेश का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से शीतकालीन पर्यटन, नई पर्यटन गतिविधियों और टूरिस्ट डेस्टिनेशन की क्षमता के आकलन पर बल दिया। साथ ही मसूरी, नैनीताल जैसे स्थलों के साथ नए टूरिस्ट स्पॉट विकसित करने के भी निर्देश दिए।

पर्वतीय क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘ट्रैकिंग ट्रैक्शन सेंटर होम-स्टे अनुदान योजना’ को तेजी से क्रियान्वित करने और ‘वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना’ के तहत युवाओं को समयबद्ध ढंग से ऋण व अनुदान उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने माउंटेन बाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, एयरो स्पोर्ट्स, रिवर राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के लिए योजनाएं तैयार करने और प्रचार-प्रसार हेतु विशेष बजट प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने गोल्जू कॉरिडोर के मास्टर प्लान के तहत कार्य प्रारंभ करने और रुद्रप्रयाग के धार्मिक स्थलों को एकीकृत पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने विवाह पर्यटन को प्रोत्साहित करने और ‘स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन’ की अवधारणा के तहत गंगोत्री व ध्याणोत्थान क्षेत्र को वेलनेस और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु एक माह में कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘वाइब्रेंट विलेज योजना’ के विस्तार और पंचायत स्तर पर थीम आधारित ‘टूरिज्म विलेज’ विकसित करने की रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए।

इस बैठक में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, मीनाक्षी सुन्दरम, पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

For latest news updates click here

For English news updates click here  

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *