Dehradun: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) पेपर लीक प्रकरण के बाद युवाओं में आक्रोश जारी है। परेड ग्राउंड में डटे बेरोजगार युवाओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसी बीच, बीजेपी की राज्य स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला में सीएम धामी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं को भड़काने के लिए “नकल जिहाद” की साजिश रची जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक नकल माफियाओं को पूरी तरह समाप्त नहीं कर दिया जाता, तब तक सरकार चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने याद दिलाया कि सख्त नकल विरोधी कानून के चलते अब तक 25,000 पदों पर पारदर्शी भर्तियां पूरी हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार पर प्रहार की बात दोहराते हुए कहा कि आईएएस और पीसीएस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो रही है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि की जमीन पर कोई भी जिहादी रंग-बिरंगी चादर डालकर कब्जा नहीं कर सकता। धामी सरकार ने मदरसा बोर्ड समाप्त करने का भी निर्णय लिया है, जिसका असर अगले वर्ष दिखेगा।
देहरादून में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने किया। इसमें 2027 के “मिशन हैट्रिक” और बूथ स्तर पर संगठन को मज़बूत करने की रणनीति तय की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
