Headlines

Dehradun: उत्तराखंड में बर्फबारी तेज, पांच जिलों में एवलॉन्च अलर्ट जारी

Dehradun: उत्तराखंड में बर्फबारी तेज, पांच जिलों में एवलॉन्च अलर्ट जारी
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड में एक बार फिर बर्फबारी का दौर तेज हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की चेतावनी के अनुसार 27 जनवरी से प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि दर्ज की जा रही है। इसी बीच उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने राज्य के पांच जिलों में एवलॉन्च को लेकर अलर्ट जारी किया है।

यूएसडीएमए ने डिफेंस जियोइन्फॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टेब्लिशमेंट (डीजीआरई), चंडीगढ़ के हवाले से बताया कि 28 जनवरी शाम 5 बजे से 29 जनवरी शाम 5 बजे तक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के साथ एवलॉन्च की संभावना है। इनमें उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ को डेंजर लेवल-3, जबकि बागेश्वर को डेंजर लेवल-1 श्रेणी में रखा गया है।

यूएसडीएमए ने संबंधित जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर सतर्कता बरतने और स्थानीय लोगों को सावधान रहने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण ने कहा है कि अधिक बर्फ पड़ने की स्थिति में हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी जरूरी है।

राज्य के चकराता, मसूरी, धनोल्टी, औली, नैनीताल और चोपता में अच्छी बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है, जिससे पर्यटकों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हुआ है। वहीं केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बर्फ की मोटी चादर बिछ चुकी है। कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते सड़क मार्ग बाधित हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन और संबंधित विभाग मार्ग खोलने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।

Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *