Headlines

Haldwani: जिला पंचायत बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

Haldwani: जिला पंचायत बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न क्षेत्र प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सदन के समक्ष रखीं। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान तत्परता से करें और फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की भी अपील की।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित पशुओं से होने वाले नुकसान और दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठा। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि रामनगर, बैलपड़ाव, मालधनचौड़, लालकुआं और हल्दूचौड़ में संचालित गौशालाओं में वर्तमान में लगभग 3100 गोवंश हैं, जो क्षमता से अधिक हैं। प्रति पशु प्रतिदिन 80 रुपये पशुपालन विभाग द्वारा दिए जा रहे हैं। रामनगर के मालधनचौड़ में नई गौशाला के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है, वहीं जिन क्षेत्रों में गौशालाएं नहीं हैं, वहां भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया चल रही है। ग्राम गौसेवक योजना के अंतर्गत जनपद में 31 ग्राम गौसेवक कार्यरत हैं, जिसमें पांच नरगोवंश के भरण-पोषण हेतु 400 रुपये प्रतिदिन की सहायता दी जाती है।

पर्वतीय क्षेत्रों के सदस्यों ने पीएचसी और सीएचसी केंद्रों में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे एवं 108 एम्बुलेंस सुविधा न होने की शिकायत की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि रामगढ़, धारी, ओखलकांडा और बेतालघाट ब्लॉकों में प्रतिमाह रोस्टरवार चिकित्सा शिविर लगाकर अल्ट्रासाउंड, एक्सरे एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बाहर की दवाइयां लिखने पर प्रतिबंध की सख्त निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

जंगली जानवरों से फसलों और जान-माल को हो रहे नुकसान को लेकर वन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में फेंसिंग, सौर ऊर्जा चालित या कटीले तारों की बाड़ लगाने तथा नियमित पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए। कूड़ा निस्तारण, आंतरिक मार्गों की झाड़ियों की सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने और जल जीवन मिशन के अंतर्गत लंबित पेयजल समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

बैठक में उपाध्यक्ष जिला पंचायत देवकी देवी, ब्लॉक प्रमुख केडी रूवाली, मंजू नेगी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार सहित जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *