Dehradun: पौड़ी जिले के तलसारी गांव निवासी जितेंद्र कुमार की आत्महत्या प्रकरण को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जितेंद्र ने आत्महत्या से पहले जारी वीडियो में भाजपा युवा मोर्चा नेता हिमांशु चमोली पर पैसे ठगने और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए थे।
श्री आर्य ने कहा कि वीडियो में जितेंद्र ने स्पष्ट बताया था कि जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर हिमांशु चमोली ने 35 लाख रुपये लिए थे, साथ ही केदारनाथ यात्रा में भी उससे सात लाख रुपये खर्च करवाए। इसके अलावा हिमांशु, उसकी पत्नी और भाई को जितेंद्र ने मोबाइल फोन भी अपने पैसों से दिलाए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों पर बुलडोजर चलाने वाला प्रशासन भाजपा नेताओं पर कार्रवाई करने में चुप्पी साधे हुए है। यही वजह है कि जनता का पुलिस और प्रशासन पर से भरोसा उठ चुका है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा नेताओं के संरक्षण में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग फल-फूल रहे हैं और सत्ता के बल पर गरीबों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस तरह का उत्तराखंड बनाया जा रहा है, जहाँ युवा आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं।
श्री आर्य ने मुख्यमंत्री धामी और भाजपा के शीर्ष नेताओं पर हिमांशु चमोली को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि जितेंद्र की मौत सिर्फ आत्महत्या नहीं, बल्कि भाजपा की दबंग राजनीति और वसूली का सबूत है। उन्होंने आशंका जताई कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की तरह इस मामले में भी दोषियों को बचाने की कोशिश की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि यह देखना होगा कि उत्तराखंड पुलिस परिवार को न्याय दिलाती है या फिर सत्ता और दबंगों की ढाल बनी रहती है।

Chief Editor, Aaj Khabar
