Lalkuan: विकास खंड हल्द्वानी के अंबेडकर पार्क, लालकुआं में शुक्रवार को ‘जन जन की सरकार, जन जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया।
शिविर में कुल 70 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 64 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान 390 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
चिकित्सा, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभागों की ओर से 160 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने छह पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की। कृषि एवं उद्यान विभाग ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने के साथ अनुदान पर कृषि यंत्र, बीज, टूलकिट और दवाइयां उपलब्ध कराईं तथा फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की।
शिविर में देवरामपुर-हल्दूचौड़ मार्ग पर अतिक्रमण, लालकुआं में लो वोल्टेज, खराब नलकूपों की मरम्मत और किसनपुर क्षेत्र में जलभराव जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। सांसद अजय भट्ट ने देवरामपुर-हल्दूचौड़ सड़क अतिक्रमण मामले के समाधान के लिए 15 दिनों की समयसीमा तय की। वहीं लो वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता से फोन पर वार्ता कर एक माह के भीतर अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। किसानों की मांग पर खराब नलकूपों की तत्काल मरम्मत और किसनपुर में जल निकासी के लिए संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से पंजीकृत जन जागृति कला समिति, बिंदुखत्ता के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
