Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आयोजित युवा अग्निवीर संवाद कार्यक्रम में भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और युवाओं के लिए रोजगार को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके बाद 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया और बिना पर्ची-बिना खर्ची के रिकॉर्ड 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भर्ती परीक्षाओं में नकल माफिया और सिफारिश का बोलबाला था, लेकिन अब सामान्य और गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली युवा अपनी मेहनत के दम पर चयनित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने भर्ती घोटालों पर कड़ी कार्रवाई कर पारदर्शी व्यवस्था स्थापित की है।
धामी ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालय’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 2.65 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण भी दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कृषि, पर्यटन, फिल्म, स्टार्टअप और निर्यात जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। किसानों के लिए एप्पल मिशन, कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सुगंधित फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में इस वर्ष रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और दर्शन करने वालों की संख्या जल्द 45 लाख तक पहुंच जाएगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड की विकास संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दे रही है और डबल इंजन सरकार के कारण राज्य को लगातार सहयोग मिल रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
