Dehradun: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर लोहे का पिलर गिरने से वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमर मेहता की मौत के बाद उनके दौरे का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।
नई जानकारी के अनुसार राहुल गांधी अब दोपहर करीब 1:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के आवास जाएंगे और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
इसके बाद राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ लगभग एक घंटे तक बैठक करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 5 बजे वह देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “जब System की नीयत में है Paper Leak, तो छात्रों का future होगा ही weak! आज | 17 जुलाई | देहरादून।”
गौरतलब है कि लंबे समय बाद राहुल गांधी उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। इससे पहले कार्यक्रम स्थल को लेकर भी विवाद हुआ था। परेड ग्राउंड में अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम को बन्नू स्कूल ग्राउंड में स्थानांतरित किया गया था। इसी दौरान कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करते समय हुए हादसे में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमर मेहता की जान चली गई।

Chief Editor, Aaj Khabar
