Bhimtal: उत्तराखंड के भीमताल स्थित रामलीला मैदान में गुरुवार को पारंपरिक हरेला मेले का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने हरेला पर्व की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल का हरेला मेला पूर्वजों के समय से चली आ रही समृद्ध परंपरा का प्रतीक है और इसका पौराणिक महत्व भी है। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, हरियाली और सामाजिक एकता का उत्सव है, जो लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करता है।
उन्होंने लोगों से हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील करते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली बचाना आवश्यक है।
राम सिंह कैड़ा ने कहा कि अपनी संस्कृति और विरासत को सुरक्षित रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भीमताल के ऐतिहासिक हरेला मेले को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, जिला मंत्री मनोज भट्ट, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
