Dehradun: हरेला पर्व के अवसर पर उत्तराखंड सरकार के वन, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने गुरुवार को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), नरेंद्रनगर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम उत्तराखंड वन विभाग के वन प्रभाग नरेंद्रनगर द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान पीटीसी के निदेशक यशवंत सिंह ने मंत्री सुबोध उनियाल को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी टिहरी गढ़वाल वरुणा अग्रवाल, अपर प्रमुख वन संरक्षक नरेश कुमार, वन संरक्षक भागीरथी वृत्त धर्म सिंह राणा, प्रभागीय वनाधिकारी नरेंद्रनगर दिगंत नायक, उपनिदेशक पीटीसी प्रकाश चंद्र, सहायक पुलिस अधीक्षक कुश मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक होशियार सिंह, ब्लॉक प्रमुख फकोट दीक्षा राणा, नगरपालिका नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित यह अभियान प्रकृति संरक्षण और जनभागीदारी का प्रेरणादायी संदेश लेकर आया।

Chief Editor, Aaj Khabar
