Dehradun: आगामी 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल संचालन को लेकर हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, संचार व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और राज्यों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। सभी राज्यों ने साझा कार्ययोजना के तहत मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को प्रवेश बिंदुओं पर ही यात्रा संबंधी दिशा-निर्देश, सुरक्षा मानक और प्रतिबंधों की स्पष्ट जानकारी दी जाए। सभी श्रद्धालुओं को वैध पहचान पत्र साथ रखने के लिए प्रेरित किया जाए तथा किसी भी प्रकार के घातक हथियार या प्रतिबंधित सामग्री के साथ यात्रा में प्रवेश पर सख्ती से रोक लागू की जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड की सीमाओं पर पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ संयुक्त चेक पोस्ट और बैरियर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही सर्विलांस और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए साझा निगरानी व्यवस्था विकसित की जाएगी।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) का उपयोग कांवड़ यात्रा के लिए नहीं किया जाएगा। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की सतत निगरानी के निर्देश देते हुए सभी राज्यों के साइबर सेल और सोशल मीडिया इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। इसके अलावा यात्रा मार्गों पर पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, साइनेज, पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) अभिनव कुमार, सचिव गृह शैलेश बगौली, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयारियों का प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक से पूर्व मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हर की पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड में मां गंगा की पूजा-अर्चना कर कांवड़ मेला-2026 के सफल और सुरक्षित आयोजन की कामना की।


Chief Editor, Aaj Khabar
