Dehradun: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखण्ड की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह स्टेशन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करता है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को विशेष स्थान देकर आधुनिक विकास और स्थानीय संस्कृति का सुंदर समन्वय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। रेलवे नेटवर्क का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी स्वदेशी आधुनिक ट्रेनें देश की नई पहचान बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल पहुंचाने का सपना भी तेजी से साकार हो रहा है। ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जो राज्य के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से यात्रियों और पर्यटकों को बेहतर और तेज रेल सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट प्रदान किया है, जबकि प्रदेश में लगभग 39,491 करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को नई मजबूती प्रदान करेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
