Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को मिला नया नेतृत्व, प्रो. डॉ. अजय आर्या ने संभाला प्राचार्य पद, मरीजों और चिकित्सा शिक्षा में बड़े सुधार का किया ऐलान

Haldwani: राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को मिला नया नेतृत्व, प्रो. डॉ. अजय आर्या ने संभाला प्राचार्य पद, मरीजों और चिकित्सा शिक्षा में बड़े सुधार का किया ऐलान
शेयर करे-

॰ प्रो. डॉ. जी.एस. तितियाल ने प्रो. डॉ. अजय आर्या को सौंपी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की कमान

Haldwani: राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में गुरुवार को प्रशासनिक दायित्वों के हस्तांतरण के तहत प्रो. डॉ. अजय आर्या ने संस्थान के नए प्राचार्य के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान प्राचार्य प्रो. डॉ. जी.एस. तितियाल ने उन्हें कार्यभार सौंपते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संस्थान चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. डॉ. अजय आर्या ने कहा कि उनका लक्ष्य राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी को चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, रोगी उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी संस्थानों में स्थापित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को समयबद्ध, पारदर्शी, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने बताया कि वे प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को बाल रोग विभाग की ओपीडी में स्वयं मरीजों का परीक्षण करेंगे तथा बच्चों को उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेंगे।

प्रो. डॉ. आर्या ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत एमबीबीएस एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को आधुनिक चिकित्सा शिक्षा, अत्याधुनिक तकनीकों, अनुसंधान और व्यवहारिक प्रशिक्षण का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे भविष्य में दक्ष, संवेदनशील और समाज के प्रति उत्तरदायी चिकित्सक बन सकें।

उन्होंने अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं, स्वच्छता, अनुशासन, दवा एवं जांच सेवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

नए प्राचार्य ने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता सामूहिक प्रयासों से संभव होती है। इसलिए चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को टीम भावना, अनुशासन, समन्वय और सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया अध्याय स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *