Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में 15 विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी, महापौर गजराज बिष्ट ने दिलाई आठ मनोनीत पार्षदों को शपथ

Haldwani: हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में 15 विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी, महापौर गजराज बिष्ट ने दिलाई आठ मनोनीत पार्षदों को शपथ
शेयर करे-

Haldwani: नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े 15 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक की शुरुआत उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों को महापौर द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर की गई।

बैठक में नगर निगम की सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया गया। महापौर ने कहा कि इससे शुल्क संग्रहण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

सदन में महापौर द्वारा प्रस्तुत 12 प्रस्तावों तथा पार्षदों के तीन जनहित प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में नगर निगम की किराये पर दी गई दुकानों के किराया निर्धारण में संशोधन करते हुए वर्तमान किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी गई। साथ ही 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने वाले दुकानदारों को विशेष छूट देने का निर्णय भी लिया गया।

शहर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 200 नए विद्युत पोल और तार लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। वहीं सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम में नए वाहन, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदने का निर्णय लिया गया।

नगर निगम कार्यालय के मुख्य भवन के विस्तार, नागरिकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने, सुभाष नगर स्थित नगर निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने तथा शहर में महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना के लिए भूमि चयन संबंधी प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के तहत गंगापुर कबड़वाल स्थित गोशाला में बायोगैस प्लांट स्थापित करने, मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर लगाने तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 के तहत उपविधि तैयार करने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।

इसके अलावा नगर क्षेत्र में ट्यूबवेल निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने, आरोग्य मंदिरों के अनुबंध पर विचार करने, सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर लगाने तथा यूयूएसडीए द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य करने संबंधी प्रस्तावों को भी सदन की मंजूरी मिली।

पार्षद हरगोविंद रावत द्वारा आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने तथा भविष्य में ऐसे प्रतिष्ठानों के संचालन पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम के सभी निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पारित प्रस्ताव हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टोलिया सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं सभी पार्षद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *