Headlines

Haldwani: संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का ने एसआईआर समीक्षा बैठक में सुनी राजनीतिक दलों की आपत्तियां, कहा नोटिस मिलने पर घबराएं नहीं

Haldwani: संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का ने एसआईआर समीक्षा बैठक में सुनी राजनीतिक दलों की आपत्तियां, कहा नोटिस मिलने पर घबराएं नहीं
शेयर करे-

Haldwani: संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चन्द्र दुम्का ने गुरुवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा बैठक कर फीडबैक लिया। बैठक में एसआईआर के नोटिस चरण में चल रही सुनवाई की प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया तथा राजनीतिक दलों द्वारा उठाई गई विभिन्न आपत्तियों और समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।

प्रकाश चन्द्र दुम्का ने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान नागरिकों की सुविधा और सुगमता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 तक जनपद में जारी 2,35,085 नोटिसों में से 1,99,833 नोटिस, यानी 84 प्रतिशत, बीएलओ के माध्यम से संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामान्य विसंगति वाले मामलों में बीएलओ आवश्यक दस्तावेज लेकर सत्यापन करते हुए अपने स्तर पर निस्तारण करें, जबकि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उनके मामलों की ईआरओ और एईआरओ स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को हटाना है। उन्होंने कहा कि केवल नोटिस जारी होने से किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें एसआईआर संबंधी कोई नोटिस प्राप्त हो तो वे घबराएं नहीं, बल्कि निर्धारित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।

बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधि मनोज शर्मा और हरीश चन्द्र, भाजपा प्रतिनिधि विनीत अग्रवाल, मनीष पाल और राजेन्द्र सिंह बिष्ट, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि हरीश चन्द्र सिनोली और जगदीश कुमार टम्टा सहित अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, सुधीर कुमार, नवाजिश खलिक तथा विभिन्न एईआरओ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *