Nainital: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की संवेदनशील पहल और त्वरित कार्रवाई के चलते विकासखंड धारी के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी पत्नी स्वर्गीय दीवान राम की करीब 25 नाली पैतृक भूमि को भू-माफिया के अवैध कब्जे से मुक्त करा दिया गया। लंबे समय से भूमि पर कब्जा होने के कारण भगवती देवी को न्याय नहीं मिल पा रहा था।
पीड़िता ने अपनी समस्या जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के समक्ष रखी, जिस पर उन्होंने तत्काल राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 नाली भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया और उसका कब्जा भगवती देवी को सौंप दिया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा कि गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके। भगवती देवी ने न्याय दिलाने के लिए जिलाधिकारी का आभार भी व्यक्त किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
