Headlines

Haldwani: आयुक्त दीपक रावत ने एसआईआर अभियान का किया निरीक्षण, मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाने के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Haldwani: आयुक्त दीपक रावत ने एसआईआर अभियान का किया निरीक्षण, मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाने के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत खालसा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका महाविद्यालय और एमबी इंटर कॉलेज सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक नोटिस का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बताया कि पूर्व में जारी नोटिसों की सुनवाई विभिन्न बूथों पर की जा रही है। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम, पिता के नाम या अन्य विवरण में त्रुटि है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बूथ पर पहुंचकर उसका संशोधन करा सकते हैं।

दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाताओं को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो और सभी मामलों का पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, प्रमाणिक और अद्यतन बनाना है।

आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सही रूप से मतदाता सूची में दर्ज किए जा सकें। उन्होंने बीएलओ और निर्वाचन कार्मिकों को अभियान के दौरान सतर्कता, बेहतर समन्वय और जनसहभागिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं, जिससे निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कुलदीप पांडे, विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर तथा बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहे।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *