Haldwani: विगत दिनों ओखलकांडा ब्लॉक के पटरानी गांव में हुए दुर्घटना के घायलों का हालचाल जानने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट मंगलवार को सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उन्हें हरसंभव सहायता व साहस प्रदान किया।
अजय भट्ट ने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से अस्पताल द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन व्यवस्था और दवाइयों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि घायलों के उपचार का पूरा व्यय सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
सांसद भट्ट ने चिकित्सालय के सीएमएस को निर्देश दिए कि घायलों को उपचार के साथ ही सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने मृतकों और घायल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
चिकित्सालय में वर्तमान में 5 घायलों का उपचार चल रहा है और सभी की स्थिति सामान्य बताई गई है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, नवीन भट्ट, रंजन बर्गली, साकेत अग्रवाल, डॉ. जीएस तितियाल, उपजिलाधिकारी राहुल साह, जनसंपर्क अधिकारी आलोक उप्रेती सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
