Haldwani: मानसून के दौरान शहर को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और नगर निगम ने शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालों पर किए गए अवैध पक्के निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के कारण बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन रही थी और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जनहित को देखते हुए प्रशासन ने पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा में आदेश का पालन नहीं होने पर संयुक्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नालों और नालियों पर बने 20 से अधिक अवैध पक्के अतिक्रमणों को हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी अवैध निर्माण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव से राहत दिलाने के लिए शहर के सभी नालों और राजकीय भूमि को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक नालों, नालियों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
