Headlines

Haridwar: कांवड़ मेले की तैयारियों में लापरवाही देख भड़के डीएम, पंतदीप पार्किंग में गंदगी और अतिक्रमण पर ₹1 लाख का जुर्माना

Haridwar: कांवड़ मेले की तैयारियों में लापरवाही देख भड़के डीएम, पंतदीप पार्किंग में गंदगी और अतिक्रमण पर ₹1 लाख का जुर्माना
शेयर करे-

Haridwar: आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले-2026 की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरकी पैड़ी के समीप पंतदीप पार्किंग में फैली अव्यवस्थाओं पर कड़ा रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान गंदगी, अतिक्रमण, अवैध दुकानों और लावारिस पशुओं की मौजूदगी पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और पार्किंग संचालक को जमकर फटकार लगाई तथा पार्किंग संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

शनिवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बैरागी कैंप, दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला और पंतदीप पार्किंग सहित विभिन्न कांवड़ मेला स्थलों का निरीक्षण किया। उनके साथ नगर निगम, सिंचाई विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

पंतदीप पार्किंग पहुंचने पर डीएम ने देखा कि वहां बड़ी संख्या में अवैध दुकानें संचालित हो रही हैं। हरकी पैड़ी जाने वाले मार्ग पर फेरी वालों का कब्जा था, जबकि पार्किंग परिसर में गंदगी और आवारा पशु भी मिले। संवेदनशील क्षेत्र में इस प्रकार की अव्यवस्था देखकर डीएम ने अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए और पार्किंग संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी के पहुंचते ही अवैध दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों और पार्किंग कर्मचारियों ने तत्काल अवैध दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पॉलीथिन और प्लास्टिक से बनाई गई दुकानों को हटाया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक दिन के भीतर अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वयं मौके की तस्वीरें भी अपने मोबाइल से लीं ताकि भविष्य में सुधार की समीक्षा की जा सके।

बैरागी कैंप में निर्माणाधीन अस्थायी पार्किंग का निरीक्षण करते हुए डीएम ने ठेकेदारों को टेंडर की शर्तों के अनुरूप बिजली, पानी, सड़क और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तय समयसीमा और गुणवत्ता के अनुरूप कार्य नहीं होने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर सभी पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। पंतदीप पार्किंग में अतिक्रमण और गंदगी पाए जाने पर संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अस्थायी पार्किंग बनाने वाले ठेकेदारों को टेंडर के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अतिक्रमण रोकने के लिए क्यूआरटी टीम का गठन भी किया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर जुर्माने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *