Haldwani: बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार तड़के बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। सुबह पांच बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में सात टीमों ने एक साथ कई इलाकों में घरों और बिजली कनेक्शनों की जांच की। विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान कथित बिजली चोरी और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। करीब 108 मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित मीटरों को सीज कर दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई बनभूलपुरा कोतवाली के माध्यम से की जाएगी।
विद्युत विभाग की टीमों ने किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत कई क्षेत्रों में जांच की। इस अभियान में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, सहायक अभियंता और अवर अभियंताओं के साथ विभागीय विजिलेंस तथा पुलिस की टीमें भी शामिल रहीं। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विद्युत विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रहा था। जांच के दौरान बनभूलपुरा क्षेत्र के कुछ बिजली फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसके बाद बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक चेकिंग अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।
विभाग अब बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में बदलाव करने की तैयारी भी कर रहा है। इसके तहत घरों के अंदर लगे बिजली मीटरों को बाहर शिफ्ट किया जाएगा, ताकि मीटरों की निगरानी आसान हो सके। इसके अलावा सामान्य केबल के स्थान पर आर्मर्ड केबल लगाने की योजना है। क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा।
विद्युत विभाग का मानना है कि इन उपायों से बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और लाइन लॉस कम करने में मदद मिलेगी। करीब 108 मामलों में एफआईआर की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विभाग की सख्ती बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
