Haldwani: रामपुर रोड स्थित विन्टेज ग्रीन बैंक्वेट हॉल में भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखण्ड द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत संभाग वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यशाला में कुमाऊँ संभाग के 8 संगठनात्मक जिलों से लगभग 200 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग कर संगठनात्मक मजबूती का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और अब विश्व का सबसे बड़ा प्रशिक्षण अभियान प्रारंभ करने जा रही है। सात चरणों में संचालित होने वाले इस अभियान के तहत पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, अनुशासन और कार्यपद्धति का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए यह प्रशिक्षण अभियान उत्तराखण्ड में संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों के 304 मंडलों में मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। हल्द्वानी में आयोजित यह कार्यशाला मंडलों में जाने वाले जिला वक्ताओं के एक दिवसीय प्रशिक्षण के लिए थी। प्रशिक्षण में वैचारिक अधिष्ठान, भाजपा का इतिहास एवं विकास, कार्यविस्तार की दृष्टि, कार्य पद्धति, सरकार की उपलब्धियां, सोशल मीडिया, एआई, नमो व सरल एप, बूथ प्रबंधन तथा मन की बात जैसे सात प्रमुख विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने कुमाऊँ के सभी जिलों से आए प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए पूर्ण समर्पण के साथ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सह-संयोजक प्रदीप बिष्ट एवं प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया, जबकि समापन राष्ट्रीय गान के साथ प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक बंशीधर भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विधायक शिव अरोड़ा, विधायक फकीर राम टम्टा, विधायक सुरेश गड़िया, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक पार्वती दास, विधायक महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, मेयर विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विशेष रूप से अनुशासन का संदेश देते हुए कार्यशाला के प्रारंभ से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट सहित सभी प्रतिभागियों ने अपने मोबाइल फोन जमा कर संगठनात्मक मर्यादा और एकाग्रता का उदाहरण प्रस्तुत किया।


Chief Editor, Aaj Khabar
